झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तैयारियां तेज, एसडीओ होंगे निर्वाची पदाधिकारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!फरवरी–मार्च 2026 में चुनाव संभावित, बैलेट पेपर से होगा मतदान
झारखंड में लंबे समय से लंबित नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां अब तेज़ हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने उपायुक्तों की अनुशंसा के बाद अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) को निर्वाची पदाधिकारी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अंचलाधिकारी (CO) को सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में अधिसूचित कर दिया है। इससे चुनावी प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक जिम्मेदारियां स्पष्ट हो गई हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार, फरवरी से मार्च 2026 के बीच नगर निकाय चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया जा सकता है। यह चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराए जाएंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए मेयर और अध्यक्ष पद के लिए अलग-अलग रंगों के बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे मतदान में किसी प्रकार का भ्रम न हो।
चुनावी तैयारियों को लेकर निर्देश
चुनाव की तैयारी के तहत सभी जिलों को—
मतपत्रों की व्यवस्था
स्ट्रांग रूम की पहचान
मतगणना केंद्रों का निर्धारण
चुनाव कर्मियों के प्रशिक्षण
समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
आरक्षण प्रक्रिया लगभग पूरी
राज्य के सभी जिलों में नगर निकायों के वार्डवार आरक्षण का निर्धारण कर लिया गया है। इसमें
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए आरक्षण शामिल है।
अब नगर निगमों के मेयर और नगर परिषदों के अध्यक्ष पद के आरक्षण को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी है।