झरिया में दिनदहाड़े छपरा के कुख्यात अपराधी प्रेम यादव की गोली मारकर हत्या, छपरा पुलिस को भी थी उसकी तलाश

झरिया में दिनदहाड़े छपरा के कुख्यात अपराधी प्रेम यादव की गोली मारकर हत्या, सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद/झरिया। झरिया के कोलियर मोड़ क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक बड़ी वारदात सामने आई, जब बिहार के छपरा जिले का कुख्यात अपराधी प्रेम यादव की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रत्नजी पेट्रोल पंप के ठीक सामने घटी, जहां प्रेम यादव रोज की तरह पैदल जा रहा था। तभी बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने बिना उतरे सीधे उस पर फायरिंग शुरू कर दी। लगातार चली गोलियों से प्रेम वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पूरी वारदात महज कुछ सेकंड में हुई और पास के सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही झरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और इलाके को घेराबंदी कर शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान उसके मोबाइल फोन के आधार पर की गई। वह बिहार के सारण जिले के पिपरा-पलनवा गांव का रहने वाला प्रेम यादव था, जिसकी उम्र करीब 25 से 27 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि प्रेम पिछले डेढ़ महीने से झरिया में रह रहा था और खुद को कोयला कारोबारी बताकर लोगों से मेलजोल बढ़ा रहा था। हालांकि पुलिस रिकॉर्ड बताते हैं कि वह छपरा का कुख्यात अपराधी था और कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था।

प्रेम यादव का नाम छपरा में दोहरे हत्याकांड के एक बड़े मामले में सामने आया था। इसके अलावा उस पर अपनी ही तीन चचेरी बहनों के साथ गैंगरेप का आरोप था। मामला काफी चर्चित हुआ था, क्योंकि गैंगरेप की शिकायत के कुछ महीने बाद तीनों बहनों की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। इन मामलों में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, जिसके बाद से वह फरार हो गया था और झरिया में छिपकर रह रहा था।

हत्या की यह वारदात काफी प्लानिंग के साथ की गई लगती है। हमलावरों ने मौके का चयन भीड़भाड़ वाले इलाके में किया, लेकिन इतनी तेजी से फायरिंग कर भाग निकले कि लोग संभल भी नहीं पाए। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन, पुराने आपराधिक नेटवर्क और संभावित गैंगवार की दिशा में भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि प्रेम यादव की हत्या पुरानी रंजिश या किसी गैंगवार का नतीजा हो सकती है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और कई टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है। धनबाद पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर हत्या के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।

 

About Author

error: Content is protected !!