ऑनलाइन सट्टा बना मौत का खेल — 15 वर्षीय अभिषेक की लाश कुएं में मिली, इलाके में मचा कोहराम…

ऑनलाइन सट्टा बना मौत का खेल — 15 वर्षीय अभिषेक की लाश कुएं में मिली, इलाके में मचा कोहराम…

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र के बेरा कोलियारी में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया।
बीसीसीएल कर्मी देवेंद्र राय के 15 वर्षीय बेटे अभिषेक कुमार उर्फ लाला का शव ग्वाला पट्टी स्थित कुएं में तैरता हुआ मिला।

सुबह करीब सात बजे स्थानीय दुकानदार दिलीप महतो की नजर जब कुएं पर पड़ी, तो उन्होंने किसी शव जैसी आकृति तैरती देखी।
पास जाकर देखने पर पता चला कि वह अभिषेक का शव है।
इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजन रो-रोकर बेहाल हो उठे।
बताया जा रहा है कि मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और शनिवार से ही घर से लापता था।
परिवार ने उसकी गुमशुदगी की तलाश अपने स्तर पर कर रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मृतक के बड़े भाई रौशन कुमार ने बताया कि अभिषेक पिछले कुछ समय से ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी ऐप्स में फंस गया था।
कई बार वह पैसे हारने के बाद घर छोड़ने की कोशिश कर चुका था,
लेकिन हर बार परिजन उसे समझाकर घर ले आते थे।
इस बार वह घर से निकला और फिर वापस नहीं लौटा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग के जाल में फंसे युवाओं के लिए एक बड़ा सबक है।
तेजी से फैल रहे इन ऐप्स के जरिए कई नाबालिग आर्थिक और मानसिक संकट में फंस रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी ऐप्स पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए,
क्योंकि इन ऐप्स के जरिए नाबालिगों को पैसे का लालच देकर गैरकानूनी गतिविधियों में फंसाया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि सरकार की सख्ती के बावजूद अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार लगातार बढ़ रहा है,
जिससे युवा पीढ़ी बर्बादी की ओर बढ़ रही है।

अभिषेक की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि
क्या हमारी डिजिटल पीढ़ी ऑनलाइन लत की गिरफ्त में फंस चुकी है?
मनोरंजन के नाम पर शुरू हुए ये गेम अब जिंदगियां लीलने लगे हैं।
जरूरत है कि परिवार, समाज और प्रशासन तीनों मिलकर
ऐसे ऑनलाइन सट्टे के जाल को खत्म करें —
ताकि कोई और अभिषेक अपनी जिंदगी न गंवाए।

About Author

error: Content is protected !!