नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी, ऑफिस में ताला लगाकर फरार हुए शातिर ठग
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद : आज के समय में जहां युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं, वहीं कुछ ठग इसी मजबूरी का फायदा उठाकर उन्हें धोखा दे रहे हैं। ताजा मामला धनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां गल्फ कंट्री में नौकरी दिलाने के नाम पर बिहार और झारखंड के 40 से अधिक युवाओं से लाखों रुपये की ठगी की गई है।

पीड़ितों के अनुसार, यस इंडिया ओवरसीज नामक कंपनी ने प्रत्येक उम्मीदवार से 40 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक वसूले और बदले में उन्हें फ्लाइट की फर्जी टिकट थमा दी।
जब ठगे गए युवक बैंक मोड़ स्थित राम प्लाजा के चौथे माले पर बने ऑफिस पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। जानकारी के अनुसार, कंपनी संचालक ऑफिस की चाबी देकर फरार हो चुके हैं।
मामले की शिकायत बैंक मोड़ थाना में दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी ने कंपनी ऑनर को पूछताछ के लिए बुलाया है और आगे की कार्रवाई की बात कही है। अब देखना यह होगा कि ठगे गए इन युवाओं को कब तक इंसाफ मिलता है।