हरियाणा के एडीजीपी वाई. पूरन कुमार ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, चंडीगढ़ आवास पर मिला शव
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!चंडीगढ़: हरियाणा कैडर के आईपीएस अधिकारी और एडीजीपी (ADGP) रैंक के वाई. पूरन कुमार का शव मंगलवार को उनके चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास में मिला। शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, एडीजीपी पूरन कुमार ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी। उन्होंने सोमवार को अपने गनमैन से रिवॉल्वर ली थी। मंगलवार को उनकी बेटी को यह हथियार घर के बेसमेंट में मिला, जहां पर उनके पिता का शव भी पड़ा था। बताया जा रहा है कि बेसमेंट साउंडप्रूफ था, जिसके कारण गोली चलने की आवाज घर में किसी को नहीं सुनाई दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
एडीजीपी पूरन कुमार हरियाणा पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में तैनात थे और अपने कार्यकाल के दौरान कई अहम पदों पर रहे। वह अपनी सख्त कार्यशैली और सिस्टम में मौजूद खामियों को खुलकर उठाने के लिए जाने जाते थे। बताया जा रहा है कि वे अपनी सीनियॉरिटी को लेकर नाराज थे और कई बार गृह मंत्री अनिल विज को इस बाबत पत्र भी लिख चुके थे।
घटना के समय उनकी पत्नी, आईएएस अमनीत पी. कुमार, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान दौरे पर थीं।
पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है। अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।