झरिया : अवैध कोयला कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सात ट्रक जब्त, एक लाख का जुर्माना
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद। जिले में अवैध कोयले के कारोबार पर लगाम कसने के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में शुक्रवार को एसडीएम राजेश कुमार के नेतृत्व में जिला टास्क फोर्स और माइनिंग टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने कुजामा और केओसीपी कोल डंप पर व्यापक छापेमारी अभियान चलाया।
सुबह से ही प्रशासनिक टीम की कार्रवाई के दौरान कोल डंप क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने सबसे पहले वहां मौजूद ट्रकों को रोका और एक-एक कर उनके कागजातों की जांच शुरू की। कुल मिलाकर करीब 50 वाहनों की बारीकी से जांच की गई।
जांच में यह सामने आया कि सात ट्रकों के पास बीमा, रोड टैक्स, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाणपत्र जैसे अनिवार्य दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए इन सभी ट्रकों को जप्त कर तीसरा थाना भेज दिया।
कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग ने मौके पर ही लगभग एक लाख रुपये का ऑनलाइन जुर्माना वसूला। अधिकारियों ने साफ किया कि नियमों को ताक पर रखकर कोई भी वाहन सड़क पर नहीं चल सकता।
जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) दिवाकर सी. द्विवेदी ने बताया कि यह कार्रवाई वैकल्पिक अधिनियमों के उल्लंघन के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इस संयुक्त छापेमारी में झरिया सीओ मनोज सिंह और तीसरा थाना प्रभारी सुमन कुमार भी मौजूद थे। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
यह कार्रवाई प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट संदेश देती है कि कोयले के अवैध कारोबार और कागजी गड़बड़ी पर अब किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।