देवघर बस हादसा: राज्यपाल, मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने जताया शोक

देवघर बस हादसा: राज्यपाल, मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने जताया शोक

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

देवघर
श्रावणी मेला में शामिल होने जा रहे कांवरियों की बस दुर्घटना में कई श्रद्धालुओं की मौत की खबर ने पूरे झारखंड को शोक में डुबो दिया है। इस दर्दनाक हादसे पर राज्य के शीर्ष नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने हादसे को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा,

“देवघर से बासुकीनाथ जा रही कांवरियों की बस दुर्घटना में कई श्रद्धालुओं के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से दुख प्रकट करते हुए लिखा,

“आज सुबह देवघर के मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास एक बस दुर्घटना में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की अत्यंत दुखद सूचना मिली। जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्य में लगा हुआ है और घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बाबा बैद्यनाथ दिवंगत आत्माओं को शांति दें और परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”

वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा,

“देवघर-बासुकीनाथ मुख्य सड़क पर हुए भीषण हादसे में 18 कांवरियों की मौत की खबर अत्यंत व्यथित करने वाली है, हालांकि जिला प्रशासन ने अब तक 5 मौतों की पुष्टि की है। प्रशासन से आग्रह है कि घायल श्रद्धालुओं के समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए। बाबा बैद्यनाथ दिवंगत आत्माओं को शांति दें और परिजनों को संबल प्रदान करें।”

इस दर्दनाक हादसे के बाद कांवरियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर से सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासनिक सतर्कता और प्रबंधन की समीक्षा की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

About Author

error: Content is protected !!