गिरिडीह में छात्रों का थाना भ्रमण: पुलिस और बच्चों के बीच संवाद की सराहनीय पहल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गिरिडीह — झारखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को गिरिडीह नगर थाना परिसर में ओपेन माइंड वर्ल्ड स्कूल, धरियाडीह के लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने थाना भ्रमण किया।
थाना भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार एवं सब-इंस्पेक्टर विक्रम सिंह द्वारा छात्र-छात्राओं के स्वागत के साथ हुई। अधिकारियों ने बच्चों को थाने की कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी और उन्हें थाना परिसर के प्रमुख हिस्सों—जैसे सीरिस्ता, हाजत, रिकॉर्ड रूम, ओडी ऑफिसर डेस्क, बाल सुधार कक्ष और थाना प्रभारी कक्ष—का भ्रमण कराया।
इस दौरान बच्चों को बताया गया कि जब कोई व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर थाने आता है, तो उस शिकायत को दर्ज करने की प्रक्रिया क्या होती है और वह शिकायत किस प्रकार संबंधित अधिकारी तक पहुंचती है। पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में यह भी समझाया कि थाने में कौन-कौन से विभाग होते हैं और उनकी जिम्मेदारियाँ क्या हैं।
थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि “पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा में सदैव तत्पर रहती है। कोई भी नागरिक बेहिचक अपनी समस्या लेकर थाने आ सकता है।” उन्होंने छात्रों को यह भी बताया कि आज की युवा पीढ़ी को कानून, अधिकार और कर्तव्यों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है।
छात्रों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से न सिर्फ उन्हें पुलिस व्यवस्था को समझने का अवसर मिला, बल्कि वे अब कानून-व्यवस्था के प्रति अधिक जागरूक भी हुए हैं।
यह पहल पुलिस और आमजन के बीच दूरी को पाटने तथा बच्चों में कानून के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित
हो रही है।