पटना में एनकाउंटर: गोपाल खेमका केस में बड़ा एक्शन, शूटर को हथियार देने वाला विकास उर्फ राजा ढेर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पटना:
चर्चित उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड में पटना पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के दूसरे आरोपी विकास उर्फ राजा को पुलिस ने बीती रात एनकाउंटर में मार गिराया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस आरोपी से पूछताछ के लिए दमड़िया घाट इलाके में पहुंची थी, लेकिन विकास ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गोली मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस, दोपहिया वाहन और सुपारी के तौर पर मिले करीब तीन लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि विकास ने ही मुख्य शूटर विजय को हत्या के लिए हथियार मुहैया कराए थे।
🔹 गिरफ्तार शूटर विजय की निशानदेही से मिली जानकारी
सोमवार देर शाम पुलिस ने हत्या में शामिल मुख्य शूटर उमेश कुमार उर्फ विजय सहनी को गिरफ्तार किया था, जो पटना सिटी के माल सलामी इलाके का रहने वाला है। विजय की निशानदेही पर ही पुलिस विकास तक पहुंची थी।
🔹 एनकाउंटर की पूरी कहानी
मंगलवार रात करीब ढाई बजे, जब पुलिस की टीम दमड़िया घाट पहुंची, तो विकास ने भागने की कोशिश करते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह मौके पर ढेर हो गया। राहत की बात ये रही कि कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।
🔹 पहले से दर्ज थे कई मामले
29 वर्षीय विकास उर्फ राजा पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।
🔹 अशोक साव ने दी थी हत्या की सुपारी
गिरफ्तार शूटर विजय से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस हत्या की सुपारी नालंदा निवासी अशोक साव ने दी थी।
🔹 4 जुलाई को हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 4 जुलाई की रात गोपाल खेमका की गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक पर उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वे बांकीपुर क्लब से लौट रहे थे। इस घटना के बाद बिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।