रांची: राजधानी रांची में नशे का गंदा धंधा करने वाले गिरोह का सरगना 23 साल का कन्हैया कुमार आज पुलिस की गिरफ्त में आ गया। उसके दो साथी 22 साल का हिमांशु ठाकुर और 19 साल का राकेश कुमार भी धरा गये। इनके पास से पुलिस ने करीब साढ़े 11 ग्राम BS यानी ब्राउन शुगर जब्त किया है। इन तीनों को सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर स्थित बड़ा मैदान से दबोचा गया। इस बात का खुलासा आज रांची के सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिटी एसपी ने मीडिया को बताया कि DIG सह रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा को इंफॉर्मेशन मिली कि राजधानी रांची के युवाओं के रगों में नशा घोलने का मुख्य सूत्रधार विद्यानगर के बड़ा मैदान में है। अपने साथियों के साथ ब्राउन शुगर खरीद-बिक्री कर रहा है। मिले इंफॉर्मेशन पर तुरंत आगे का टास्क तेज तर्रार पुलिस अधिकारी कोतवाली DSP प्रकाश सोय को सौंपा गया। DSP ने गठित टीम के साथ बताये गये ठिकाने पर रेड मारी और तीनों को धर दबोचा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि कन्हैया कुमार पूरे गिरोह का सरगना है। वही पूरे गिरोह को ऑपरेट करता है। पुलिस को दिये अपने बयान में कन्हैया कुमार ने बताया कि वह ब्राउन शुगर सासाराम से लाता है। सासाराम में एक “भाभी जी” उसे ब्राउन शुगर मुहैया करवाती है। सासाराम से ब्राउन शुगर लाकर वह राजधानी रांची के अलग-अलग इलाकों में खपा देता है। गिरफ्तार हिमांशु ठाकुर और राकेश कुमार के साथ कुछ और लकड़े ब्राउन शुगर को रांची के विद्यानगर, करम चौक, हरमु मैदान, अरगोड़ा, हीनू और रांची रेलवे स्टेशन के पास बेचने का काम करते थे। गिरफ्तार सरगना कन्हैया कुमार के खिलाफ रांची के सुखदेवनगर थाना में दस मामले दर्ज हैं।
इन सभी को गिरफ्तार करने में कोतवाली DSP प्रकाश सोय, सुखदेव थानेदार इंस्पेक्टर मनोज कुमार, कोतवाली थानेदार इंस्पेक्टर आदिकांत महतो, पंडरा ओपी प्रभारी मनीष कुमार, ST/SC थानेदार महेश मुंडा, महिला थानेदार रेणुका टुडू, एसआई प्रेम हांसदा, ऋषिकांत, सहाबीर उरांव और उमेश चंद्र महतो की सराहनीय भूमिका रही।