धनबाद में तीन SI बने इंस्पेक्टर, सिपाही को मिली ASI की पदोन्नति; पिपिंग सेरेमनी में बढ़ाया सम्मान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: उत्कृष्ट कार्य, साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण को देखते हुए धनबाद जिले के तीन सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही को आउट ऑफ टर्म पदोन्नति दी गई है। तीनों सब इंस्पेक्टर को इंस्पेक्टर और एक सिपाही को असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) के पद पर पदोन्नत किया गया।

पदोन्नति पाने वाले सब इंस्पेक्टर में 2005 बैच के सदानंद सिंह, 2018 बैच के प्रभात रंजन राय और अर्जुन कुमार सिंह शामिल हैं। तीनों को इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नति मिली है। वहीं 2009 में बहाल सिपाही नवनीत नवल को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए ASI के पद पर पदोन्नत किया गया।

एसएसपी कार्यालय में हुई पिपिंग सेरेमनी
पदोन्नति के बाद एसएसपी कार्यालय में पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एस. मोहम्मद याकूब ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों को बैज लगाकर नई जिम्मेदारी के लिए सम्मानित किया।
इस मौके पर पदोन्नत पुलिसकर्मियों के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ नजर आया। अधिकारियों और जवानों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
बढ़ी जिम्मेदारी, निष्ठा से करें पुलिस सेवा
एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी पदोन्नत पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने सभी से भविष्य में भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पुलिस सेवा करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों का विश्वास मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पदोन्नत पुलिसकर्मियों का उत्कृष्ट कार्य अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
एसएसपी ने सभी के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर सेवाकाल की कामना की।
पिपिंग सेरेमनी के दौरान डीएसपी मुख्यालय-2 नाजिर अख्तर, डीएसपी मुख्यालय-1 कुमार विनोद सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।