झरिया में जोरदार धमाके के साथ धंसी जमीन, दरारों से निकली आग और जहरीला धुआं; दहशत में लोग
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: झरिया में एक बार फिर भू-धंसान की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोदना क्षेत्र के बरारी छह नंबर बस्ती में गुरुवार को अचानक जोरदार धमाके के साथ जमीन धंस गई। देखते ही देखते जमीन पर गहरी दरारें पड़ गईं और इन दरारों से जहरीला धुआं निकलने के साथ आग की लपटें भी दिखाई देने लगीं।

घटना के बाद आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि जमीन के नीचे मौजूद आग और जहरीली गैस के कारण आने वाले समय में खतरा और बढ़ सकता है।
मुख्य सड़क पर भी मंडरा रहा खतरा
भू-धंसान वाली जगह के पास से ही लक्ष्मी कॉलोनी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क गुजरती है। ऐसे में स्थानीय लोगों को डर है कि अगर जमीन धंसने का दायरा बढ़ा तो सड़क भी इसकी चपेट में आ सकती है, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ बड़ा हादसा भी हो सकता है।
अवैध खनन को बताया जिम्मेदार
स्थानीय नेता सबूर गोराई ने भू-धंसान की घटना के पीछे अवैध कोयला खनन और कथित अवैध सुरंगों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जमीन के नीचे की स्थिति की गंभीरता से जांच जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
मौके पर पहुंची बीसीसीएल की टीम
घटना की सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। प्रबंधन की ओर से प्रभावित स्थान पर भराई कराने का आश्वासन दिया गया है।
हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि सिर्फ भराई कराने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उनका कहना है कि पहले जमीन के नीचे की वास्तविक स्थिति, आग और जहरीली गैस के स्रोत की जांच कर जरूरी सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए।
फिलहाल बरारी छह नंबर बस्ती में भू-धंसान की घटना के बाद लोगों में भय का माहौल बना हुआ है और सभी की नजर प्रशासन व बीसीसीएल की अगली कार्रवाई पर है।