जयराम महतो विवाद: पुलिस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से की कार्रवाई की मांग, कहा- पुलिसकर्मियों के सम्मान से समझौता नहीं

जयराम महतो विवाद: पुलिस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से की कार्रवाई की मांग, कहा- पुलिसकर्मियों के सम्मान से समझौता नहीं

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रांची/धनबाद: डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो और बरवाअड्डा थाना प्रभारी के बीच हुए विवाद को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने अब मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन ने थाना/ओपी/वाहिनी में पदस्थापित या प्रतिनियुक्त पुलिस के कनीय पदाधिकारियों के साथ कथित गाली-गलौज, मारपीट और धमकी की घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई है।


झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय से जारी पत्र में कहा गया है कि बरवाअड्डा थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार के साथ विधायक जयराम महतो के समर्थकों द्वारा कथित रूप से अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया गया। पत्र के मुताबिक, थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने और आरोपी को छुड़ाने का प्रयास भी किया गया।

एसोसिएशन ने बताया कि इस घटना को लेकर विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों के खिलाफ बरवाअड्डा थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पत्र में यह भी कहा गया है कि राज्य के अलग-अलग जिलों में इस तरह की घटनाओं से पुलिसकर्मियों को चोट और नुकसान पहुंचने की स्थिति बनी है।

25 अगस्त को हुई थी आपात बैठक
पत्र के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए 25 अगस्त 2026 की दोपहर प्रदेश अध्यक्ष झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने केंद्रीय पदाधिकारियों के साथ आपात बैठक की। बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में संबंधित पक्ष को पत्र के माध्यम से पूरी जानकारी देकर न्याय के लिए समय देने का अनुरोध किया गया।
एसोसिएशन का दावा है कि पत्र भेजे जाने के बाद भी आरोपी विधायक की ओर से सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से पुलिस एसोसिएशन तथा संस्था को कथित रूप से अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करते हुए धमकाया जाने लगा।

मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले में हस्तक्षेप करते हुए पुलिसकर्मियों के सम्मान और सुरक्षा को लेकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर संगठन गंभीर है और मामले में न्याय चाहता है।

 

About Author

error: Content is protected !!