Dhanbad होमगार्ड बहाली पर प्रशासन सख्त, फर्जी दस्तावेज मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों के मेडिकल जांच और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का काम जारी है। गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने सत्यापन केंद्र का औचक निरीक्षण कर पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सत्यापन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से पूरी की जाए। अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के लिए जिला प्रशासन की चार टीमें गठित की गई हैं। वहीं, शारीरिक एवं चिकित्सकीय जांच के लिए मेडिकल टीम भी तैनात है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी चयनित अभ्यर्थियों को सत्यापन के लिए स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है। उन्हें अपने सभी शैक्षणिक, तकनीकी और आवासीय प्रमाणपत्रों की मूल प्रति के साथ स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति भी प्रस्तुत करनी होगी।
उपायुक्त ने सख्त चेतावनी दी कि यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए जाते हैं या किसी भी तरह के अनुचित साधन का इस्तेमाल किया जाता है, तो उसके खिलाफ झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि होमगार्ड भर्ती परीक्षा को जिस पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराया गया है, उसी मानक के अनुरूप मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन भी पूरा किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य केवल योग्य और पात्र अभ्यर्थियों का ही अंतिम चयन सुनिश्चित करना है।