साइबर ठगों पर धनबाद पुलिस का शिकंजा, बैंकों को दिए सख्त निर्देश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: वित्तीय साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए धनबाद पुलिस ने अब बैंकिंग सिस्टम पर भी निगरानी बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में सिंदरी अंचल के 43 सरकारी एवं निजी बैंकों के प्रबंधकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई।

बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने की। इस दौरान पुलिस ने बैंक अधिकारियों को साइबर अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले म्यूल बैंक खातों की पहचान करने और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों पर तत्काल नजर रखने के निर्देश दिए।

पुलिस ने कहा कि किसी खाते से होने वाले बड़े या संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। नए बैंक खातों की नियमित निगरानी के साथ जरूरत पड़ने पर उनका फिजिकल वेरिफिकेशन भी कराया जाए।
ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी वाले खातों पर भी नजर
बैठक में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़े संदिग्ध बैंक खातों को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। पुलिस ने बैंक अधिकारियों से ऐसे खातों की गतिविधियों पर नजर रखने और संदिग्ध लेनदेन की जानकारी समय पर साझा करने की अपील की।
पुलिस-बैंक समन्वय पर जोर
ग्रामीण एसपी ने साइबर अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस और बैंकिंग संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि संदिग्ध लेनदेन की सूचना जितनी जल्दी पुलिस तक पहुंचेगी, उतनी ही तेजी से कार्रवाई कर साइबर ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोका जा सकता है।
धनबाद पुलिस की इस पहल का उद्देश्य बैंक खातों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के साथ-साथ आम लोगों को वित्तीय साइबर अपराध से बचाना है।
धनबाद पुलिस अब साइबर ठगों के साथ-साथ उनके लिए बैंकिंग सिस्टम का इस्तेमाल करने वाले नेटवर्क पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है।