धनबाद में 6 साल का ‘प्यार, फरेब और मंदिर की शादी’ का हाई-वोल्टेज ड्रामा, युवती ने प्रेमी पर शोषण, ठगी और धमकी का लगाया आरोप

धनबाद के दुहाटांड़ कुम्हारपट्टी की रहने वाली एक युवती ने अपने प्रेमी और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए धनबाद उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

युवती का आरोप है कि झरिया वेस्ट कोईरीबांध निवासी विकास साव ने छह वर्षों तक शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया और विभिन्न बहानों से 15 से 20 लाख रुपये के जेवर व नकदी ले लिए।
पीड़िता के अनुसार, 25 मई को कोर्ट मैरिज तय थी, लेकिन विकास कोर्ट पहुंचने के बावजूद दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए बिना वहां से चला गया। इसके बाद 16 जून की रात वह युवती के घर पहुंचा और अगली सुबह दोनों को साथ देखकर मोहल्ले के लोगों ने सामाजिक पहल पर गणेश मंदिर में दोनों की शादी करा दी। युवती का दावा है कि मंदिर में विकास ने उसकी मांग में सिंदूर भरा और मंगलसूत्र पहनाया, लेकिन बाद में उसे अपने साथ ले जाने से इनकार कर दिया।
युवती का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर धनसार थाना पहुंची तो उसकी शिकायत दर्ज करने के बजाय उसे ही धमकाया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि थाने में मौजूद अधिकारी ने सिंदूर और मंगलसूत्र हटाने की बात कही, यह कहते हुए कि लड़के के साथ जबरदस्ती हुई है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी अब उसे हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दे रहा है और मामला वापस लेने का दबाव बना रहा है। उसने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।