एक करोड़ का इनामी माओवादी मिसिर बेसरा धनबाद से गिरफ्तार, संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता

धनबाद: झारखंड, बिहार और ओडिशा में लंबे समय से सक्रिय भाकपा (माओवादी) के सेंट्रल कमेटी सदस्य और एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा को सुरक्षा एजेंसियों ने धनबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आईबी, सीआरपीएफ और धनबाद पुलिस के संयुक्त अभियान में उसके दो सहयोगी मेहनत उर्फ मोच्छु और गौरव को भी गिरफ्तार किया गया है।

मंगलवार देर शाम धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। सुरक्षा एजेंसियों को गुप्त सूचना मिली थी कि मिसिर बेसरा अपने सहयोगियों के साथ वाहन संख्या JH-10 BH-1056 से गुजरने वाला है। पहले से घात लगाए बैठी संयुक्त टीम ने वाहन को रोककर तीनों को बिना किसी बड़े प्रतिरोध के गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपियों के कब्जे से हथियार और इस्तेमाल किया गया वाहन जब्त कर लिया। तीनों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों के अनुसार इस ऑपरेशन की तैयारी कई महीनों से चल रही थी और पूरी रणनीति को अत्यंत गोपनीय रखा गया था।
धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने संयुक्त कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आईबी, सीआरपीएफ और धनबाद पुलिस के समन्वित अभियान में मिसिर बेसरा सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से झारखंड में सक्रिय नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
फिलहाल तीनों आरोपियों से विभिन्न मामलों में पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। सुरक्षा एजेंसियां इस गिरफ्तारी के बाद नक्सल संगठन के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटाने में लगी हैं.