धर्माबांध के बाबूडीह जंगल में CISF की बड़ी कार्रवाई, 22 हाईवा अवैध कोयला जब्त

गुप्त सूचना पर छापेमारी, कारोबारी मौके से फरार; जांच और कानूनी कार्रवाई जारी।

धनबाद के धर्माबांध ओपी क्षेत्र स्थित बाबूडीह जंगल में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ CISF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 22 हाईवा अवैध कोयला जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, CISF की टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर अवैध रूप से जमा किए गए भारी मात्रा में कोयले को अपने कब्जे में लिया। जब्त कोयले को जेसीबी और लोडर मशीनों की मदद से सुरक्षित स्थान पर भेजा जा रहा है।

कार्रवाई की भनक लगते ही कई संदिग्ध कारोबारी और मजदूर मौके से फरार हो गए। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और पूरे क्षेत्र में CISF के जवान तैनात रहे।
सूत्रों के मुताबिक, अवैध कोयला कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रह सकती है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।