स्कूल से लौटे, क्रिकेट खेला… फिर दामोदर नदी ने छीन ली तीन जिंदगियां

स्कूल से लौटे, क्रिकेट खेला… फिर दामोदर नदी ने छीन ली तीन जिंदगियां

आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत डिसरगढ़ स्थित दामोदर नदी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में कक्षा 10 के तीन छात्रों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नियामतपुर के एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल के आठ छात्र सोमवार को स्कूल पहुंचे थे। आरोप है कि पूर्व में अनुपस्थित रहने के कारण उन्हें स्कूल परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया, जिसके बाद वे वापस लौट गए। इसके बाद सभी छात्र डिसरगढ़ स्थित दामोदर नदी के किनारे पहुंचे और कुछ देर तक क्रिकेट खेला।
क्रिकेट खेलने के बाद तीन छात्र नदी में नहाने उतर गए। नहाने के दौरान वे नदी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते तीनों डूबने लगे। साथ मौजूद अन्य छात्रों ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कुल्टी थाना पुलिस, स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद तीनों छात्रों को नदी से बाहर निकालकर आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि छात्रों को स्कूल से लौटाए जाने की परिस्थितियां क्या थीं और हादसे तक की पूरी घटनाक्रम क्या रहा।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे आसनसोल और कुल्टी क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मृत छात्रों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

About Author

error: Content is protected !!