धनबाद में अवैध खनन पर डीसी का बड़ा एक्शन: अब सीओ और थाना प्रभारी होंगे सीधे जवाबदेह

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: जिले में अवैध खनन और कोयला तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आयोजित जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि जमुनिया, कतरी और दामोदर नदी के तटीय क्षेत्रों में अवैध खनन अथवा ओवर बर्डन (ओबी) की अवैध डंपिंग पाई जाती है, तो संबंधित अंचल अधिकारी (सीओ) और थाना प्रभारी की जवाबदेही तय करते हुए उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने, बिना ढंके कोयला परिवहन करने वाले वाहनों पर विशेष जांच अभियान चलाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि नदी तटों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग संयुक्त रूप से नियमित निरीक्षण करें तथा नदी किनारे वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाए। साथ ही खनन, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को संयुक्त छापेमारी तेज करने का निर्देश दिया गया, ताकि अवैध खनन और कोयला तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

बैठक में बताया गया कि ड्रोन सर्विलांस, नियमित निरीक्षण और विशेष अभियान के माध्यम से अवैध खनन के सैकड़ों मामलों का पता लगाया गया है, जिन पर कार्रवाई की जा रही है।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने दो टूक कहा कि जिले में अवैध खनन, कोयला तस्करी और प्रशासनिक लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

About Author

error: Content is protected !!