खान सर पर FIR दर्ज, गार्ड की फायरिंग मामले में पटना पुलिस का बड़ा एक्शन

कोचिंग विवाद में बढ़ी खान सर की मुश्किलें, दो बॉडीगार्ड पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
पटना: मशहूर शिक्षक फैसल खान (खान सर) पर कोचिंग विवाद से जुड़े मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। गार्ड द्वारा कथित तौर पर गोली चलाने की घटना के बाद पटना पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
दरअसल, कुछ दिन पहले खान सर ने दावा किया था कि उनके कोचिंग संस्थान के गार्ड के साथ मारपीट की गई थी। शुरुआती बयान में उन्होंने गोली चलने की बात भी कही थी, लेकिन बाद में इस दावे से पीछे हट गए थे।
इस मामले में बुधवार को पटना पुलिस ने खान सर के दो बॉडीगार्ड को गिरफ्तार किया। इससे पहले एक कोचिंग संस्थान ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग’ की ओर से एक वीडियो जारी किया गया था, जिसमें खान सर के गार्ड द्वारा फायरिंग किए जाने का दावा किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों गार्डों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 15 से 20 लोगों ने खान सर के संस्थान में घुसकर तोड़फोड़ की और पथराव किया था। यह संस्थान फैसल खान उर्फ खान सर द्वारा संचालित किया जाता है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही, जिसके मद्देनजर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।