फर्जी कस्टमर केयर बनकर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार, मोबाइल-सिम समेत कई सामान बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!देवघर: झारखंड में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर की गई कार्रवाई में करौं थाना क्षेत्र के डुमरथरा गांव निवासी संतोष कुमार दास (36), शेखर कुमार दास (22) तथा मधुपुर थाना क्षेत्र के नवापतरो निवासी सुमन कुमार दास (22) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को फ्लिपकार्ट, अमेजन, फोनपे, गूगल पे, पेटीएम, आईआरसीटीसी और एयरटेल पेमेंट बैंक का कस्टमर केयर अधिकारी या प्रतिनिधि बताकर लोगों को अपने झांसे में लेते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना का लाभ दिलाने, आसान लोन उपलब्ध कराने और कैशबैक का लालच देकर भी ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी लोगों से फोनपे गिफ्ट कार्ड बनवाते थे और बाद में उसे रिडीम कर रकम हड़प लेते थे। वहीं एयरटेल थैंक्स ऐप के जरिए बैंकिंग संबंधी समस्याओं के समाधान का झांसा देकर भी लोगों से पैसे ठगे जाते थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, पांच डेबिट कार्ड और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। हालांकि पूरे साइबर नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, यूपीआई पिन या गिफ्ट कार्ड से जुड़ी जानकारी साझा न करें। किसी भी समस्या के समाधान के लिए केवल आधिकारिक कस्टमर केयर नंबर का ही उपयोग करें।