SAIL-ISP का बड़ा एक्शन: TMC के बाद CPIM और कांग्रेस कार्यालयों पर चला बुलडोजर

आसनसोल: बर्नपुर स्थित सेल आईएसपी (SAIL-ISP) द्वारा अपनी जमीनों पर कथित अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे उच्छेदन अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान गुरुद्वारा के समीप स्थित सीपीएम के पार्टी कार्यालय को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। इससे पहले भी सेल प्रशासन द्वारा बर्नपुर के विभिन्न इलाकों में स्थित टीएमसी के कई पार्टी कार्यालयों को हटाया जा चुका है।

उच्छेदन अभियान के अगले चरण में आईएसपी प्रशासन का बुलडोजर अपर रोड क्षेत्र पहुंचा, जहां कांग्रेस पार्टी के कार्यालय को भी जमींदोज कर दिया गया। कांग्रेस कार्यालय पर कार्रवाई के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब अधिकारियों ने परिसर में स्थित शहीद वेदी को भी हटाने की तैयारी शुरू की।

स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसका कड़ा विरोध किया। उनका कहना है कि कांग्रेस कार्यालय का निर्माण वर्ष 1982 में किया गया था, जबकि 1984 में पूर्व प्रधानमंत्री Indira Gandhi की हत्या के बाद वहां शहीद वेदी स्थापित की गई थी।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, आईएसपी अधिकारी शहीद वेदी को भी तोड़ना चाहते थे, लेकिन स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के भारी विरोध के चलते प्रशासन को पीछे हटना पड़ा। हालांकि कांग्रेस कार्यालय को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, लेकिन शहीद वेदी को फिलहाल सुरक्षित रखा गया।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने सेल प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं, जबकि आईएसपी प्रशासन का कहना है कि यह अभियान कंपनी की जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।