धनबाद में पुलिस मुठभेड़, शंकर डे उर्फ पिंकू डे के पैर में लगी गोली

हत्या के मामले में मैथन से गिरफ्तार हुआ था आरोपी, हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने का आरोप

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: धनबाद में हत्या के एक मामले की जांच के दौरान देर रात पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान शंकर डे उर्फ पिंकू डे के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को मैथन से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के बाद पुलिस उसे हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए टुंडी के मनियाडीह क्षेत्र में ले गई थी। इसी दौरान आरोपी ने एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी।

ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब ने बताया कि अगस्त महीने में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में राम प्रताप प्रसाद की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। उनकी पत्नी ने पुलिस को बताया था कि राम प्रताप दो दिनों से लापता हैं। शिकायत में शंकर नाम के एक व्यक्ति पर संदेह जताया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध मैथन के आसपास मौजूद है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शंकर डे उर्फ पिंकू डे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने राम प्रताप प्रसाद की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, जून महीने में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में हुई लूट की घटना में राम प्रताप प्रसाद और शंकर डे की संलिप्तता सामने आई थी। लूट की रकम के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद में शंकर डे ने राम प्रताप प्रसाद की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

मनियाडीह क्षेत्र से पहले एक अज्ञात शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान राम प्रताप प्रसाद के रूप में की गई। फिलहाल पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार, आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि और अन्य संभावित वारदातों में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। आरोपी के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उससे आगे पूछताछ की जाएगी।

 

About Author

error: Content is protected !!