


बाघमारा के रामकनाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत केशलपुर कोलियरी कॉलोनी में चल रहे अवैध कोयला खनन के खिलाफ अब ग्रामीणों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। झींझीपहाड़ी पंचायत की मुखिया प्रेमलता कुमारी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने अवैध खनन स्थल पर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी भी देखने को मिली।
ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए अवैध कारोबारियों द्वारा दर्जनों बम फेंके गए, ताकि लोगों में डर का माहौल बनाया जा सके। बावजूद इसके ग्रामीण पीछे नहीं हटे और अवैध मुहानों पर पहुंचकर वहां रखी कोयले से भरी बोरियों को देखकर आक्रोशित हो उठे।
प्रदर्शन के बाद मुखिया प्रेमलता कुमारी ग्रामीणों के साथ रामकनाली ओपी पहुंचीं, जहां पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों ने थाना परिसर में जमकर प्रदर्शन करते हुए अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
मीडिया से बातचीत में मुखिया प्रेमलता कुमारी ने कहा कि केशलपुर के लोग दहशत में जीने को मजबूर हैं। हाल के दिनों में भू-धंसान जैसी घटनाओं की खबरों से लोग अपने आशियाने को लेकर डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी संबंधित विभागों को लिखित शिकायत देकर अवैध खनन बंद कराने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मुखिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध खनन बंद कराने के लिए ग्रामीण किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि थाना से महज कुछ ही दूरी पर चल रहे इस अवैध कारोबार में स्थानीय थाना प्रभारी की मिलीभगत है।