सोनू दर्जी उर्फ मंजूर आलम प्रिंस खान गिरोह को हथियार सप्लाई करने वाला गुर्गा गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!#धनबाद : धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बरवाअड्डा थाना पुलिस ने कुख्यात प्रिंस खान गिरोह से जुड़े गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कुरैशी नगर निवासी सोनू दर्जी उर्फ मंजूर आलम को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हथियारों के बल पर व्यवसायियों और अधिकारियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने का आरोप है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनू दर्जी संगठित अपराधियों के संपर्क में रहकर इलाके में दहशत फैलाने का काम कर रहा है। सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक छह चक्रीय देशी रिवॉल्वर, एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार सोनू दर्जी उर्फ मंजूर आलम का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ धनबाद जिले के विभिन्न थानों में डकैती, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियार सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।