Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गुमला: झारखंड के गुमला जिले में वर्दी की गरिमा को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर महिला पुलिसकर्मी के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमला के पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमला थाना प्रभारी महेंद्र करमाली और सर्किल इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में दोनों पुलिसकर्मी वर्दी में नजर आ रहे हैं। तस्वीरों को लेकर विभागीय अनुशासन और वर्दी की मर्यादा पर सवाल उठने लगे हैं। वायरल फोटो में अलग-अलग पोज में दोनों दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद यह मामला तेजी से चर्चा का विषय बन गया।
एसपी ने साफ कहा कि पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है और जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल इस पूरे मामले की विभागीय जांच जारी है और पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।