
शम्भू कुमार सिंह (भा.पु.से.), पुलिस अधीक्षक, जामताड़ा के नेतृत्व में आज दिनांक 10 मई 2026 को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले में घटित आपराधिक घटनाओं की समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही साइबर अपराध की रोकथाम के लिए साइबर शाखा को और अधिक सक्रिय करने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु अभियान चलाने तथा लंबित मामलों में वैज्ञानिक अनुसंधान विधियों का अधिकतम उपयोग करने पर बल दिया।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने आम जनता के साथ बेहतर पुलिस-जनसंपर्क स्थापित करने की आवश्यकता बताते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रात्रि गश्ती करने एवं असामाजिक तत्वों पर सतर्क निगरानी रखने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध नियंत्रण एवं जनता की सुरक्षा जामताड़ा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी पदाधिकारी पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।