दुमका में पंचायत प्रज्ञा केंद्र संचालकों का बड़ा आंदोलन, 8 मई को शांतिपूर्ण धरना की तैयारी

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

दुमका, 06 मई 2026:

जिले में पंचायत प्रज्ञा केंद्र संचालकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। इसी क्रम में 08 मई 2026 को एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की गई है। कार्यक्रम के विधिसम्मत आयोजन के लिए बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कार्यालय, दुमका में अनुमति हेतु आवेदन सौंपा गया।

यह आवेदन झारखंड प्रदेश डिजिटल पंचायत संघ के दुमका प्रखंड अध्यक्ष उपेन्द्र कुमार पाल एवं जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र प्रसाद साह के नेतृत्व में प्रशासन को सौंपा गया। आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि प्रस्तावित धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा तथा सभी प्रशासनिक नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह धरना उपायुक्त कार्यालय, दुमका के समीप आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिलेभर के पंचायत प्रज्ञा केंद्र संचालक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। धरना के माध्यम से संचालक अपनी विभिन्न लंबित समस्याओं, बकाया भुगतान, मानदेय वृद्धि एवं अन्य मांगों को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखेंगे।

संघ ने प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा है कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा, ताकि उनकी आवाज सरकार तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

अब सबकी नजर प्रशासन के निर्णय पर टिकी है कि धरना की अनुमति मिलती है या नहीं और संचालकों की मांगों पर कितना गंभीरता से विचार किया जाता है।

About Author

error: Content is protected !!