Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद (राजगंज): थाना क्षेत्र के धावाचिता स्थित महतो धर्मकांटा और मछली गोदाम के पीछे अवैध कोयला डिपो का बड़ा खुलासा हुआ है। यहां खुलेआम कोयला तस्करी का धंधा संचालित हो रहा है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दिनदहाड़े ट्रकों में कोयले की लोडिंग की जा रही है। डिपो के अंदर कारोबारियों की गाड़ियां खड़ी रहती हैं, वहीं पेलोडर और जेसीबी मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर कोयले का उठाव किया जा रहा है। पूरे इलाके में यह अवैध कारोबार बेखौफ तरीके से फल-फूल रहा है।
चौंकाने वाली बात यह है कि तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे खुद को बाहुबली समझने लगे हैं। डिपो के बाहर उनका एक गुर्गा स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर सड़क खाली करवाता है और राहगीरों को धमकाता नजर आता है, जिससे आम लोगों में डर का माहौल बन गया है।
इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इतने बड़े स्तर पर चल रहे इस अवैध कारोबार की जानकारी प्रशासन को जरूर होगी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।
फिलहाल, यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक सख्त कदम उठाता है और अवैध कोयला तस्करी पर लगाम लग पाती है या नहीं।