ट्रांजिट रिमांड पर आज धनबाद लाया जाएगा ‘मेजर’, प्रिंस खान गैंग के राज खुलने की उम्मीद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आसनसोल से ला रही पुलिस, बैंक मोड़ थाना में होगी गहन पूछताछ—12 से ज्यादा केस दर्ज
धनबाद: धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान के करीबी गुर्गे सैफी उर्फ मेजर को शुक्रवार को ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल के आसनसोल से धनबाद लाया जा रहा है। उसे लाने के लिए पुलिस टीम रवाना हो चुकी है और पूछताछ को लेकर पूरी रणनीति तैयार कर ली गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मेजर से बैंक मोड़ थाना में गहन पूछताछ की जाएगी। इसी थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके गैंग कनेक्शन और आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) भी बनाई गई है।
जानकारी के अनुसार, आसनसोल पुलिस ने भी मेजर से जुड़े कई अहम इनपुट जुटाए हैं, जिन्हें धनबाद पुलिस के साथ साझा किया गया है। इन सूचनाओं के आधार पर पूछताछ के लिए सवालों की एक विस्तृत सूची तैयार की गई है।
पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में प्रिंस खान गैंग के ठिकाने, सहयोगी, फंडिंग नेटवर्क और हथियार सप्लाई से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं। सूत्रों की मानें तो इस कार्रवाई के बाद राज्य और राज्य के बाहर सक्रिय अपराधियों के खिलाफ स्पेशल अभियान भी चलाया जा सकता है।
फिलहाल, धनबाद पुलिस की नजर मेजर से मिलने वाली हर अहम जानकारी पर टिकी हुई है।