धनबाद में भगोड़े अपराधी प्रिंस खान पर शिकंजा, वासेपुर स्थित घर पर चस्पा हुआ इश्तेहार

धनबाद में भगोड़े अपराधी प्रिंस खान पर शिकंजा, वासेपुर स्थित घर पर चस्पा हुआ इश्तेहार

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज, कई मामलों में वांछित आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस


कोयलांचल में सक्रिय कुख्यात भगोड़े अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को बैंक मोड़ थाना में दर्ज विभिन्न मामलों के सिलसिले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर वासेपुर स्थित कमरमखदूमी रोड पर प्रिंस खान और उसके सहयोगी गोपी खान के आवास पर इश्तेहार चस्पा किया।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ जिले के कई थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे लंबे समय से फरार चल रहे हैं। न्यायालय द्वारा कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया के तहत यह कार्रवाई की गई है, ताकि आरोपियों पर दबाव बनाया जा सके और उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सके।
बैंक मोड़ थाना के एएसआई सुनील कुमार रवि ने बताया कि थाना कांड संख्या 175/2023 और 277/2023 सहित कई मामलों में प्रिंस खान और गोपी खान रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत वांछित हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
इधर, शुक्रवार को एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। बैठक के बाद एसएसपी ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अपराधी द्वारा फोन या संदेश के माध्यम से दी जाने वाली धमकियों से भयभीत न हों और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि प्रिंस खान से जुड़े मामलों को लेकर उच्चस्तरीय स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद यह साफ है कि अब प्रिंस खान और उसके नेटवर्क पर दबाव बढ़ता जा रहा है, और आने वाले दिनों में बड़ी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

About Author

error: Content is protected !!