बाघमारा में कोयला माफियाओं का आतंक: BCCL के दो जीएम पर जानलेवा हमला, एक को अगवा करने की कोशिश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!CCTV जांच कर लौट रहे अधिकारियों पर हमला, कपड़े फाड़े, थाना तक किया पीछा — BCCL CMD ने लिया सख्त संज्ञान
धनबाद: कोयलांचल में अवैध खनन और कोयला चोरी करने वालों के हौसले अब खतरनाक स्तर तक पहुंच चुके हैं। ताजा मामला बाघमारा थाना क्षेत्र के ब्लॉक-2 एरिया का है, जहां बीसीसीएल के दो वरिष्ठ अधिकारियों पर कोयला चोरों ने जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बीसीसीएल मुख्यालय के जीएम (सुरक्षा) हफीजुद्दीन कुरैशी और ब्लॉक-2 के जीएम कुमार रंजीव, जमुनिया व्यू प्वाइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान 14 नंबर हाजिरी घर के पास पहले से घात लगाए बैठे दर्जनों हमलावरों ने उनकी गाड़ी को जबरन रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने अधिकारियों को गाड़ी से बाहर खींच लिया और उनके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान सुरक्षा जीएम हफीजुद्दीन कुरैशी को सुनसान जगह पर घसीटकर ले जाने और अगवा करने की भी कोशिश की गई।
हालांकि, ब्लॉक-2 के जीएम कुमार रंजीव किसी तरह मौके से भागने में सफल रहे और तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए सीधे बाघमारा थाना पहुंचे। हमलावरों का दुस्साहस इतना था कि वे दर्जनों बाइकों पर सवार होकर थाना तक पीछा करते रहे।
इस हिंसक घटना में अधिकारियों के कपड़े तक फट गए। मौके पर पहुंचे पीओ पीएसके सिन्हा के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। वहीं, जीएम के चालक कृष्णा राणा को भी बेरहमी से पीटा गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाया।
घटना के बाद बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मामले को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी की गई है।
इधर, बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों के विरोध की बात सामने आई है और लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में इससे पहले भी अधिकारियों पर हमले हो चुके हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।