मुनीडीह में गैस कटर सिलेंडर ब्लास्ट, 2 की मौत — 2 की हालत नाजुक
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आधी रात धमाके से दहशत, जहरीली गैस की चपेट में आए कई लोग, SNMMCH में इलाज के दौरान दो ने तोड़ा दम
धनबाद: शनिवार देर रात मुनीडीह क्षेत्र में एक भीषण हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। गैस कटर सिलेंडर में हुए जोरदार विस्फोट के कारण दो लोगों की मौके के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय वहां करीब 8 से 10 लोग मौजूद थे। अचानक तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया, जिससे जहरीली गैस तेजी से पूरे इलाके में फैल गई। गैस की चपेट में आने से चार लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए।
सभी घायलों को आनन-फानन में शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान संजय यादव और मोहम्मद अजहरुद्दीन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, संजय यादव रात में घर लौटे थे और उन्हें सांस लेने में तकलीफ, खांसी और बेचैनी हो रही थी। उन्होंने सिर्फ इतना बताया कि “सिलेंडर फट गया है।” कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ गई और मुंह से झाग निकलने लगा। अस्पताल ले जाने के बाद उनकी मौत हो गई।
वहीं, मोहम्मद अब्राहिम और मोहम्मद इमामुद्दीन का इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिलेंडर फटने का कारण क्या था और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था।