पूर्वी टुंडी में तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर: दुकान में घुसकर 5 लोगों को कुचला, सभी की हालत गंभीर

पूर्वी टुंडी में तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर: दुकान में घुसकर 5 लोगों को कुचला, सभी की हालत गंभीर

फतेहपुर मोड़ पर बड़ा हादसा, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम—अवैध बालू ट्रैक्टरों पर उठे सवाल

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रिपोर्ट: रोहित मंडल | लोकेशन: पूर्वी टुंडी, धनबाद

धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर मोड़ पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बालू लदे ट्रैक्टर ने सड़क किनारे स्थित एक दुकान में घुसकर वहां बैठे 5 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर की रफ्तार बेहद तेज थी और चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रैक्टर दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान में मौजूद लोग बालू और मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया और उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। गुस्साए लोगों ने गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार लगातार हादसों को न्योता दे रही है, लेकिन प्रशासन इस पर लगाम लगाने में विफल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद काफी देर बाद जाम हटाया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।

About Author

error: Content is protected !!