बरवाअड्डा NH पर तेज रफ्तार का कहर, साइकिल सवार की मौत… गुस्साए ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
किसान चौक के पास हादसा, दिहाड़ी मजदूर किशन महतो की मौके पर मौत, CCTV से आरोपी वाहन की तलाश

धनबाद से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार का कहर एक गरीब मजदूर की जान ले गया।
धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित किसान चौक के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान टुंडी थाना क्षेत्र के तारडांड निवासी 50 वर्षीय किशन महतो के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि किशन महतो रोज की तरह साइकिल से दिहाड़ी मजदूरी के लिए धनबाद जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
ग्राउंड रिएक्शन :
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने दिल्ली-कोलकाता नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस हाईवे पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन रफ्तार पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने की कोशिश कर रही है। साथ ही जाम हटाने का प्रयास जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि अज्ञात वाहन और चालक की पहचान की जा सके।