टुण्डी थाना बना शादी का मंडप: प्रेमी युगल का अनोखा विवाह, परिवार और पुलिस बनी साक्षी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
टुण्डी/धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के टुण्डी थाना परिसर में एक अनोखा विवाह देखने को मिला, जहां प्रेमी युगल ने पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में सात जन्मों का साथ निभाने की कसम खाई।
जानकारी के अनुसार, टुण्डी मुख्यालय मार्ग निवासी संतोष कुमार मोदक के पुत्र गोपाल मोदक (23 वर्ष) और परसाटांड़ निवासी मण्टु महरा की पुत्री शीतल कुमारी महरा (21 वर्ष) के बीच वर्ष 2021 से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात स्कूल के दौरान हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता गहरा होता गया।
सोमवार को दोनों गादी टुण्डी स्थित भूतनाथ मंदिर पहुंचे, जहां युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भरकर विवाह की रस्म पूरी की। इस घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई, दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई और मामला थाना पहुंच गया।
थाना में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद आपसी सहमति बनी और लिखित शपथ पत्र के आधार पर टुण्डी थाना परिसर में ही दोनों का विधिवत विवाह करा दिया गया। इस दौरान दोनों के परिजन और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इस पूरे विवाह प्रक्रिया में टुण्डी थाना महिला हेल्प डेस्क प्रभारी ममता कुमारी की अहम भूमिका रही, जिन्होंने दोनों पक्षों को समझाने और विवाह संपन्न कराने में सक्रिय सहयोग दिया।
विवाह के बाद नवविवाहित जोड़ा खुशी-खुशी मोटरसाइकिल से अपने घर के लिए रवाना हुआ। इस मौके पर थाना प्रभारी उमाशंकर, अवर निरीक्षक राजेश सिंह, उपमुखिया संतूलाल किस्कू, मुखिया प्रतिनिधि नन्द किशोर रविदास सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
यह अनोखा विवाह इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।