जमशेदपुर में दिनदहाड़े बैंक डकैती: देसी कट्टा के दम पर केनरा बैंक से 15 लाख की लूट, स्टाफ-ग्राहकों को बनाया बंधक
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े बैंक लूट की बड़ी घटना सामने आई है। साकरा स्थित केनरा बैंक की शाखा में करीब 5 से 6 हथियारबंद लुटेरों ने देसी कट्टा और कटारी के बल पर लगभग 15 लाख रुपये लूट लिए।
मिली जानकारी के अनुसार, लुटेरे दोपहर करीब 1:40 बजे बैंक पहुंचे और अंदर घुसते ही कर्मचारियों व ग्राहकों को हथियार दिखाकर आतंकित कर दिया। इसके बाद सभी के मोबाइल फोन छीनकर उन्हें बंधक बना लिया।
लुटेरों ने बैंक के कैश काउंटर से लगभग 7 लाख रुपये और बैंक में रखे लगभग 8 लाख रुपये लूट लिए। इस दौरान सहायक शाखा प्रबंधक सौरभ वर्मा के गले से सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली गई।
अपराधियों ने शाखा प्रबंधक नानाजी राव को बंदूक की नोक पर उनके चैंबर में ले जाकर सीसीटीवी फुटेज की हार्ड डिस्क के बारे में पूछताछ की। हालांकि शाखा प्रबंधक की सूझबूझ से अपराधी सीसीटीवी की हार्ड डिस्क नहीं ढूंढ सके और इंटरनेट बॉक्स की तार काटकर उसे अपने साथ ले गए। इस वजह से बैंक की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित बच गई है, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिल सकती है।
लूट की घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरों ने बैंक के बाहर से ताला लगा दिया और मोटरसाइकिल से साकरा-चित्रेश्वर रोड के रास्ते पश्चिम बंगाल की ओर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि लुटेरे बैंक कर्मचारियों से हिंदी में बात कर रहे थे, जबकि आपस में बांग्ला भाषा में बातचीत कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद बहरागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और कटर से मेन गेट का ताला काटकर बैंक में फंसे कर्मचारियों और ग्राहकों को मुक्त कराया। बंधकों में करीब 6 से 7 ग्राहक भी शामिल थे।
घटना की जानकारी मिलते ही घाटशिला के डीएसपी अजीत कुमार कुजूर भी मौके पर पहुंचे और बैंक अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की पहचान करने में जुटी है।
बताया जा रहा है कि यह बैंक गांव के अंदर स्थित है और यहां सिक्योरिटी गार्ड की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिसका फायदा उठाकर अपराधियों ने करीब 10 से 15 मिनट तक बैंक में रुककर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
डीएसपी अजीत कुमार कुजूर ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।