गिरिडीह में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता, बाइक चोर गिरोह का बड़ा नेटवर्क उजागर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गिरिडीह: एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी की कुल 9 बाइक बरामद की गई हैं, जिनमें 6 बुलेट और 2 अपाची बाइक भी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, जिले के एसपी डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बाइक चोर गिरोह सक्रिय है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर पचंबा थाना पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को चोरी की बाइक के साथ पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शक्ति चौधरी और दीपक चौधरी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने बाइक चोरी के कई मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर चोरी की कुल 9 बाइक बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और चोरी की बाइक को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखता था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।