18 मार्च को धनबाद नगर निगम के महापौर व पार्षदों का शपथ ग्रहण, उसी दिन होगा उपमहापौर का चुनाव
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर और वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 18 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसी दिन चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों को भी शपथ दिलाई जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर और वार्ड पार्षदों की बैठक 18 मार्च को सुबह 10 बजे समाहरणालय के प्रथम तल स्थित सभाकक्ष में होगी। बैठक के बाद सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई जाएगी।
वहीं चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों की बैठक समाहरणालय के तृतीय तल स्थित कक्ष संख्या 314 में आयोजित होगी, जहां शपथ ग्रहण कराया जाएगा।
शपथ ग्रहण के बाद धनबाद नगर निगम के उपमहापौर और चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया भी उसी दिन पूरी कराई जाएगी।
चुनाव की समय-सारणी इस प्रकार है:
11:30 बजे से 12:30 बजे तक – नामांकन पत्र दाखिल
12:30 बजे से 1:00 बजे तक – नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी
1:00 बजे से 1:30 बजे तक – वैध उम्मीदवारों की सूची जारी
1:30 बजे से 1:45 बजे तक – नाम वापसी
1:45 बजे से 2:15 बजे तक – मतपत्र की तैयारी
2:15 बजे से 3:00 बजे तक – मतदान
3:00 बजे से 3:15 बजे तक – मतगणना
3:15 बजे से 3:30 बजे तक – परिणाम की घोषणा व प्रमाण पत्र वितरण
3:30 बजे से 4:00 बजे तक – नवनिर्वाचित उपमहापौर और उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण
पूरा कार्यक्रम समाहरणालय परिसर में निर्धारित समयानुसार संपन्न किया जाएगा।