धनबाद में 19 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, रांची में चल रहा था मानसिक बीमारी का इलाज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरलीनगर इलाके से मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 19 वर्षीय युवक अमित कुमार खेत्रोपाल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार अमित पिछले कई वर्षों से मानसिक तनाव से जूझ रहा था और उसका इलाज रांची में चल रहा था। बताया गया कि वह करीब पांच वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका नियमित उपचार कराया जा रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय घर में कोई नहीं था और युवक कमरे में अकेला था। इसी दौरान उसने गमछे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालिक को शक हुआ। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद खिड़की से झांककर देखने पर युवक फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। तुरंत इसकी सूचना परिजनों और सरायढेला थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।
परिजनों ने बताया कि खेत्रोपाल परिवार पिछले 18–19 वर्षों से धनबाद में रह रहा है। युवक के इस कदम से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।