झारखंड के कोयलांचल में फिर दहशत: गैंगस्टर प्रिंस खान का हथियारों के साथ वीडियो वायरल, फहीम खान के परिवार को दी खुली धमकी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद/वासेपुर:
झारखंड के कोयलांचल में आतंक का पर्याय बन चुका कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान एक बार फिर सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर उसका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह न केवल अत्याधुनिक हथियारों का प्रदर्शन करता नजर आ रहा है, बल्कि वासेपुर के पुराने डॉन फहीम खान के परिवार को खत्म करने की खुली धमकी देता भी दिखाई दे रहा है।
वीडियो में हथियारों की नुमाइश, कानून को सीधी चुनौती
वायरल वीडियो में प्रिंस खान अपने कई गुर्गों के साथ दिख रहा है, सभी के हाथों में आधुनिक हथियार हैं। वीडियो में उसके तेवर बेहद आक्रामक हैं। वह खुलेआम यह कहते हुए नजर आ रहा है कि “कानून के हाथ इतने लंबे नहीं कि वह प्रिंस खान तक पहुंच सके।”
इतना ही नहीं, उसने झारखंड पुलिस और जांच एजेंसियों को सीधी चुनौती देते हुए यह तक कहा कि अगर पुलिस उसे पकड़ लेगी तो वह खुद को गोली मार लेगा।
फहीम खान के परिवार को ‘नरसंहार’ की चेतावनी
वीडियो में प्रिंस खान ने अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी फहीम खान के परिवार को निशाना बनाते हुए कहा है कि “इस बार नरसंहार होगा।” इस बयान के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
वासेपुर में वर्षों से जारी है वर्चस्व की जंग
गौरतलब है कि वासेपुर में वर्चस्व को लेकर लंबे समय से गैंगवार चला आ रहा है। प्रिंस खान लगातार फहीम खान गुट को चुनौती देता रहा है। हालांकि Prime News 24 इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता।
प्रिंस खान के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा
इधर फरार कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के संगठित आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए धनबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
बीते दिनों पुलिस ने वासेपुर के पांडरपाला, शमशेर नगर, रहमतगंज, आरामोड़, नबीनगर, कबड्डीपट्टी, नया बाजार और निषाद नगर समेत करीब 30 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी।
इस दौरान उसके जमीन कारोबार, फंडिंग नेटवर्क और हथियार सप्लाई से जुड़े लोगों पर बड़ी कार्रवाई की गई।