राँची। नाबालिग लड़की को धक्का लगने की घटना के बाद यात्री बस में आगजनी के मामले में राँची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, 14 जनवरी की देर शाम राँची से सिलीगुड़ी जा रही एक निजी यात्री बस चुटुपालु घाटी से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क पार कर रही एक नाबालिग लड़की को बस से धक्का लग गया, जिसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
घटना की खबर मिलते ही बाइक सवार कुछ युवक मौके पर पहुंचे और बस को जबरन रुकवा दिया। आरोप है कि गुस्साए युवकों ने चालक और यात्रियों पर दबाव बनाते हुए सभी यात्रियों को बस से नीचे उतरने के लिए मजबूर किया।
यात्रियों के उतरने के बाद आरोपियों ने बस में जमकर तोड़फोड़ की और फिर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलने लगी।
पुलिस ने इस हिंसक घटना में शामिल चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी ओरमांझी थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
इधर, बस मालिक ने इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आगजनी और तोड़फोड़ से हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।