युवक को गोली मारने के विरोध में तेतुलमारी थाना पर सैकड़ों ग्रामीणों का हंगामा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद | कतरास
अज्ञात बाइक सवार अपराधियों द्वारा राशन दुकान संचालक को बीच सड़क गोली मारकर घायल करने की घटना के विरोध में रविवार को तिलाटांड गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष तेतुलमारी थाना पहुंचे और जमकर हंगामा किया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना परिसर में धरना भी दिया।
स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय पुलिस ने वरीय अधिकारियों को सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद कतरास अंचल निरीक्षक मुकेश चौधरी, कतरास इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी आसित सिंह, राजगंज थाना प्रभारी अलिसा कुमारी एवं अंगारपथरा थाना प्रभारी परवीन कुमार तेतुलमारी थाना पहुंचे और घायल के परिजनों से वार्ता की। अधिकारियों ने जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
घायल के पिता ने दी लिखित शिकायत
घायल युवक के पिता गेन्दू महतो ने तेतुलमारी थाना में लिखित शिकायत देकर बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे वे अपने 26 वर्षीय पुत्र अर्जुन महतो के साथ राजगंज-सिजुआ मार्ग स्थित शक्ति चौक के पास अपनी राशन दुकान बंद कर पैतृक गांव तिलाटांड जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास दो नकाबपोश बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया।
खतरे को भांपते हुए वे नहीं रुके और आगे बढ़ने लगे। तभी अपराधियों ने पीछा करते हुए गाली-गलौज के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली अर्जुन महतो के हाथ में लग गई। गोली लगने से दोनों सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे, जिसके बाद अपराधी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से घायल युवक को इलाज के लिए धनबाद भेजा गया। फिलहाल अर्जुन महतो का इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी उनके पुत्र पर दो बार हमला हो चुका है, जिसकी लिखित शिकायत थाने में दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पुलिस का पक्ष
थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि घायल अर्जुन महतो फिलहाल खतरे से बाहर है। पूछताछ के बाद ही घटना की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पूर्व भी अर्जुन पर हमले की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया मामला लूटपाट या निजी रंजिश से जुड़ा हो सकता है, हालांकि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी।