नगर निगम चुनाव: आरक्षण सूची जारी, धनबाद अनारक्षित, रांची ST के लिए आरक्षित
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रांची : झारखंड में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव को लेकर राज्य सरकार ने नई आरक्षण सूची जारी कर दी है। इस सूची के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

जारी आरक्षण सूची के अनुसार धनबाद नगर निगम सीट को अनारक्षित घोषित किया गया है। इससे धनबाद में मेयर पद को लेकर संभावित उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गई है।
वहीं राजधानी रांची नगर निगम सीट को अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित किया गया है। इसके अलावा गिरिडीह नगर निगम सीट अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित रहेगी।
पलामु नगर निगम सीट अनारक्षित महिला, जबकि हजारीबाग नगर निगम सीट अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित घोषित की गई है।
इसी क्रम में देवघर और चास नगर निगम सीटों को अनारक्षित रखा गया है। वहीं सरायकेला–खरसावां नगर निगम सीट अनुसूचित जनजाति के लिए तथा मानगो नगर निगम सीट अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित की गई है।
नई आरक्षण व्यवस्था के लागू होते ही राज्यभर में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। संभावित प्रत्याशी अब आरक्षण के अनुसार अपनी चुनावी रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं।