एम्बुलेंस में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 5 क्विंटल 20 किलो गांजा जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छतीसगढ़ : महासमुंद : महासमुंद जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोमाखान थाना पुलिस ने टेमरी नाका के पास कार्रवाई करते हुए एक एम्बुलेंस से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।
पुलिस ने एम्बुलेंस की तलाशी के दौरान 5 क्विंटल 20 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा के भवानीपटना से गांजा लेकर महाराष्ट्र जा रहे थे। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी महाराष्ट्र के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। तस्करी के लिए एम्बुलेंस का इस्तेमाल कर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की जा रही थी।
पुलिस ने गांजा, एम्बुलेंस और तस्करी में प्रयुक्त अन्य सामान को जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।