पाकुड़ कोर्ट से हत्या के दो दोषी फरार, सजा से पहले पुलिस को दिया चकमा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!झारखंड के पाकुड़ न्यायालय परिसर से हत्या के दो दोषी कैदी फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार को अदालत द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद सजा सुनाए जाने से पहले दोनों अभियुक्त पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
फरार हुए दोषियों की पहचान नरेन महली और शिवधान महली के रूप में हुई है। घटना उस समय घटी जब अदालत परिसर में चारों दोषियों को पुलिस अभिरक्षा में ले जाने की प्रक्रिया चल रही थी।
यह मामला अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में वर्ष 2017 में हुई हत्या से जुड़ा हुआ है। इस केस की सुनवाई एडीजे न्यायालय में चल रही थी, जिसमें कुल चार अभियुक्त शामिल थे। बुधवार को अदालत ने सभी चारों अभियुक्तों को हत्या का दोषी ठहराया था।
दो दोषियों के फरार होने की सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जिले की सीमाओं पर अलर्ट जारी कर दिया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
मामले को लेकर पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी ने पुष्टि करते हुए बताया कि दो दोषी कैदी फरार हुए हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर सघन तलाश अभियान चलाया जा रहा है।