नव वर्ष से पहले जिले में सुरक्षा चाक-चौबंद, एसएसपी के नेतृत्व में देर रात तक विशेष अभियान

नव वर्ष से पहले जिले में सुरक्षा चाक-चौबंद, एसएसपी के नेतृत्व में देर रात तक विशेष अभियान

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद : नव वर्ष के जश्न को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से मंगलवार देर रात जिलेभर में व्यापक एंटी क्राइम एवं ट्रैफिक चेकिंग अभियान चलाया गया। बढ़ती भीड़ और उत्सव के माहौल को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। सभी थाना क्षेत्रों में सघन जांच और गश्त के जरिए कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया।


इस विशेष अभियान की कमान वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने स्वयं संभाली। वे देर रात तक विभिन्न संवेदनशील और व्यस्त इलाकों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। उनके साथ सिटी एसपी श्री रित्विक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस श्री अंकित सिन्हा, ट्रैफिक डीएसपी श्री अरविंद सिंह सहित कई डीएसपी और थाना प्रभारी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रहे।

नशे में ड्राइविंग व अड्डेबाजी पर सख्ती
अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। ब्रेथ एनालाइजर से जांच के बाद कई वाहनों को जब्त किया गया, जिन्हें न्यायालय के आदेश के बाद छोड़ा जाएगा। इसके साथ ही बिना हेलमेट, सीट बेल्ट न लगाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया गया।

1422 वाहनों की जांच
मुख्य सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष बल की तैनाती कर 1422 वाहनों की सघन जांच की गई। चोरी के वाहनों की पहचान, वांछित अपराधियों की तलाश, अवैध शराब कारोबार, जुआ और लॉटरी जैसे गैरकानूनी गतिविधियों पर पुलिस ने कड़ा प्रहार किया।

प्रमुख इलाकों में चला अभियान
CMRI सरायढेला, स्टील गेट, गोल बिल्डिंग, मेमको मोड़, सिटी सेंटर, स्टेशन रोड, रणधीर वर्मा चौक, बैंक मोड़, धनसार चौक और मटकुरिया चेक पोस्ट सहित कई इलाकों में देर रात तक जांच और गश्त जारी रही। स्टेशन रोड पर अनावश्यक अड्डेबाजी करने वालों पर भी पुलिस की सख्ती देखने को मिली।

मॉल, बाजार और पिकनिक स्पॉट पर अतिरिक्त सुरक्षा
नव वर्ष को लेकर मॉल, बाजार, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सिनेमा हॉल, पिकनिक व पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि आम नागरिक सुरक्षित माहौल में नए साल का स्वागत कर सकें।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 पर दें।

About Author

error: Content is protected !!