केंदुआडीह जहरीली गैस प्रभावित क्षेत्र का मुख्य सचिव व विधायक राज सिन्हा ने किया निरीक्षण
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गैस रिसाव पर केंद्र–राज्य सरकार मिलकर करेंगे स्थायी समाधान : विधायक राज सिन्हा

धनबाद/झारखंड।
केंदुआडीह क्षेत्र में लंबे समय से जारी गंभीर जहरीली गैस रिसाव की समस्या को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इस मुद्दे को झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र में झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर केंदुआडीह के आम नागरिकों एवं रैयतों की सुरक्षा और समस्या की गंभीरता से अवगत कराया।
गौरतलब है कि गैस रिसाव की सूचना मिलने के पहले ही दिन 03 दिसंबर 2025 को विधायक राज सिन्हा ने केंदुआडीह पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की थी और प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया था।
विधायक राज सिन्हा के सतत प्रयासों का ही परिणाम है कि अब इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल शुरू हो चुकी है। झारखंड के मुख्य सचिव स्वयं केंदुआडीह पहुंचे और गैस रिसाव से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान धनबाद के उपायुक्त एवं स्थानीय विधायक राज सिन्हा भी मौजूद रहे।
लोयाबाद पाँच नंबर के ग्रामीणों ने राम अवतार आउटसोर्सिंग की ओबी ट्रांसपोर्टिंग को किया ठप
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों, सुरक्षा व्यवस्था और अब तक की गई तैयारियों की गहन समीक्षा की। मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए केंद्र और राज्य सरकार संयुक्त रूप से कार्य करेंगी। तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से गैस रिसाव को नियंत्रित करने, प्रभावित लोगों को राहत देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एक ठोस एवं व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
वहीं प्रशासन की ओर से स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें। क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि हालात जल्द से जल्द सामान्य हो सकें।