गंगा सतलुज एक्सप्रेस में यात्री की मौत, धनबाद स्टेशन पर मिला बेहोश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बनारस से धनबाद आ रही गंगा सतलुज एक्सप्रेस में 35 वर्षीय दिवाकर कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह जीआरपी को सूचना मिली कि ट्रेन में एक यात्री बेहोश हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही जीआरपी टीम अलर्ट हो गई। धनबाद स्टेशन पहुंचते ही दिवाकर को उतारकर रेलवे अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिवाकर के चचेरे भाई गजेंद्र राम ने बताया कि एक माह पहले उनके पिता का निधन हुआ था, जिसके बाद वह बनारस गंगा स्नान करने गए थे। धनबाद पहुंचने से करीब दस मिनट पहले अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का अनुमान है कि ठंड लगने या हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई होगी। अस्पताल में भी डॉक्टरों ने मृत्यु की पुष्टि कर दी।
जीआरपी स्टाफ राकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत कार्रवाई कर यात्री को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
दिवाकर कुमार धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया शंकर नगर के निवासी थे। वह शादीशुदा थे और अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।